राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 पर आसाम ऑयल के निकट एक कार ने मोटरसाइकिल पर सवार एक कंपनी के कर्मचारी को टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई।
जांचकर्ता एएसआई मदनलाल ने बताया कि गांव रालियावास निवासी बलराम (45) गांव आसलवास स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उन्होंने बताया कि वह दोपहर 3.30 बजे के करीब कंपनी जाने के लिए बाइक से निकला था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आसाम ऑयल के पास एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बलराम गंभीर घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल बलराम को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने के बाद कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।