सीआईए थाना के निकट शुक्रपुरा मोहल्ले में बारात में घुसकर महिलाओं के साथ छीना-झपटी व फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों को सिटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और बदमाशों से पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी दिनेश, हन्नी, हैप्पी मलिक हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रपुरा निवासी हरी के लड़के डब्बी की 7 दिसंबर को शादी थी। रात्रि में नाचते-गाते बाराती समारोह स्थल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सीआईए थाने के निकट कुछ बदमाशों ने बारात में एक बाइक घुसा दी। इस दौरान महिलाओं के साथ छीना-झपटी भी की गई।
बारात में शामिल लोगों ने दो बदमाशों को पकड़ कर उनकी धुनाई भी कर दी। उसके बाद बदमाशों ने हवाई फायर भी किया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हरी की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। बीती शाम सिटी पुलिस ने उक्त तीन बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने तीनों बदमाशों से पूछताछ शुरू कर दी है।