एनएच-8 स्थित बनीपुर चौक पर तड़के करीब चार बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से चार की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। हादसे में अपनों की मौत के बाद से ही सदमे में पहुंचे गजेंद्र ने पुलिस को बताया कि बनीपुर चौक से उनका घर महज हाईवे पार करते ही पड़ने वाले चिरहाड़ा गांव में है। वहां वे काफी समय से एक साथ रह रहे थे। दो लोग एक मोटरसाइकिल बनाने वाली कंपनी में जबकि शेष बावल स्थित एक अन्य कंपनी में नौकरी करते थे।
दर्जनों हादसों का गवाह रहा है बनीपुर चौक
नेशनल हाईवे-8 (दिल्ली-जयपुर हाईवे) पर पड़ने वाले बनीपुर चौक पर होने वाला यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी दर्जनों हादसों का गवाह यह चौक रहा है। यही नहीं यातायात पुलिस ने भी बनीपुर चौक को दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में डाल रखा है। कुछ महीने पहले ही एक अनियंत्रित ट्राला भी चौक पर बनी यातायात चौकी को क्षतिग्रस्त कर चुका है। बावजूद इसके इस चौक पर सुरक्षित यातायात की कोई व्यवस्था नहीं है।
ओवरब्रिज बनाने की हो चुकी है मांग
रेवाड़ी शहर से बावल आने के लिए लोग मुख्यत: बनीपुर चौक से ही आते हैं। बनीपुर चौक में प्रशासनिक भवन न होने के चलते बावल के लोगों के अधिकांश प्रशासनिक काम रेवाड़ी शहर में ही होता है। उधर दिल्ली-जयपुर हाईवे बनीपुर चौक पर बिना सुरक्षा व्यवस्था के है। लगातार होने वाले हादसों से आजिज लोग बनीपुर चौक पर ओवरब्रिज बनाने की मांग भी पहले कर चुके हैं। लेकिन फिलहाल इस ओर कोई प्रयास नहीं हुए हैं।
-------------
बनीपुर चौक पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो भाइयों समेत चार लोगों की मौत हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। - -कुलदीप कुमार, एसएचओ, कसौला थाना