रेगुलेटर लीक होने से घर में लगी आग, दो झुलसे
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला छीपटवाड़ा में शुक्रवार दोपहर को खाना बनाते समय सिलेंडर के रेगुलेटर का लीकेज होने से घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की खाना बना रहे दो श्रमिक भी झुलस गए। जिन्हें इलाज के शहर के ट्रामा सेंटर में पहुंचाया गया। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के रामपुर जिले के गांव शाहबाद निवासी रामू, विक्की व एक अन्य युवक शहर के मोहल्ला छिपटवाड़ा में किराए का मकान लेकर रहते थे। तीनों युवक हलवाई का कार्य करते हैं। शुक्रवार दोपहर खाना बनाते समय सिलेंडर के रेगुलेटर से गैस लीकेज होने लगी। तभी अचानक रेगुलेटर में आग लग गई। आग से रेगुलेटर फटने से घर में भी आग लग गई। इस दौरान खाना बना रहे रामू एवं विक्की भी झुलस गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सिलेंडर को बाहर निकालकर घर में लगी आग बुझायी। हालांकि घर में लगी आग से अधिक नुकसान नहीं हुआ है। आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। सूचना के शहर थाना पुलिस व दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।