कार ने बाइक को रौंदा, दो युवकों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
खोल।
रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ रोड पर मंगलवार दोपहर को कार-बाइक की भीषण टक्कर में सीहा गांव के दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।
खोल थाना पुलिस ने बताया कि गांव सीहा निवासी 35 वर्षीय हेमराज और 40 वर्षीय आनंद सिंह बाइक पर सवार होकर डहीना से अपने गांव सीहा की तरफ आ रहे थे। सीहा के समीप पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक कई फीट तक उछलकर सड़क पर जाकर गिरे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार भी पलटकर खेत में दूर जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद आसपास के लोगों के अलावा डहीना चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से तुरंत ही रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर पहुंचाया लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने दोनों को ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को नागरिक अस्पताल में भिजवाकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक हेमराज निजी कंपनी में नौकरी करता था, जबकि आनंद स्कूल बस का कंडक्टर था। मंगलवार को दोनों किसी कार्य से डहीना गए थे कार्य निपटाने के बाद अपने गांव आ रहे थे।
----
हादसे से गांव में पसरा मातम
सीहा गांव में दो युवकों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। जगह-जगह लोगों के झुंड लगे थे, लेकिन कोई कुछ बोल नहीं पा रहा था। हर किसी की आंखों में आंसू थे। लोगों के मुंह से एक ही बात निकल रही कि भगवान ने ठीक नहीं किया। दोनों युवक ना केवल मिलन सार थे बल्कि लोगों के दुख-दर्द में काम आने वाले थे। मृतक हेमराज को एक बेटा और एक बेटी है। आनंद की दो बेटियां और एक बेटा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
-----
मात्र आधा किलोमीटर दूर था आशियाना
हादसा स्थल से मात्र आधा किलोमीटर दूरी पर ही मृतकों के घर थे। दोनों युवकों को घर जाने की जल्दी थी, लेकिन होनी को कुछ ओर ही मंजूर था। गांव के समीप ही काल बन कर आई एक कार ने उन्हें बुरी तरह से कुचल दिया। इससे दोनों की मौत हो गई। शाम करीब छह बजे शवों के अंतिम संस्कार के समय लोगों की आंखों में आंसू थम नहीं रहे थे।
-----
सालभर पहले भी इसी स्थान पर मरे थे कार सवार पांच लोग
जिस स्थान पर मंगलवार को कार व बाइक की टक्कर हुई। इसी इसी स्थान पर करीब एक साल पहले एक क्रूजर और तूड़ी से भरी एक ट्राली टकरा गई थी। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पर न तो मोड़ है और न ही ब्रेकर फिर भी यहां हादसे हो रहे हैं।
वर्जन
शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। -अरविंद कुमार, इंचार्ज डहीना चौकी पुलिस।