डीजे नहीं बजाया तो मारपीट की
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। बावल में शुक्रवार रात डीजे न बजाने पर दो युवकों ने गुरुग्राम निवासी दो युवकों के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरुग्राम के गांव बसई निवासी सिकंदर ने कहा है कि वे शुक्रवार की शाम को अपने भाई सुनील व गोपेश के साथ बावल में अपने मामा के घर आयोजित एक शादी समारोह में आए थे। रात को डीजे बंद करा दिया गया था। रात्रि को करीब दो बजे बावल निवासी विकास व विपिन शराब के नशे में वहां पहुंच गए और डीजे बजाने के लिए कहा। उन्होंने डीजे बजाने से इंकार कर दिया। इसी बात से खफा होकर दोनों ने गाली-गलौच शुरू कर दिया और उनके साथ लकड़ी के डंडे से मारपीट शुरू कर दी। उसके भाई सतीश व अन्य ने बीच-बचाव कर दोनों को छुड़ाया। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद रात को पुलिस भी मौके पर पहुंची। शनिवार को बावल थाना पुलिस ने सिकंदर की शिकायत पर गाली-गलौच, मारपीट व धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।