रेवाड़ी। शहर के रेलवे रोड मार्केट में वीरवार रात को चोरों ने मोबाइल के एक शो-रूम में सेंध लगा कर करीब दो लाख रुपये के मोबाइल व लैपटाप चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह चोरी का पता लगने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के सेक्टर-तीन निवासी नरेश कुमार का रेलवे रोड पर एसआरए रिटेल प्रा. लि. के नाम से इलेक्ट्रानिक शोरूम है। वीरवार रात को वह शोरूम बंद कर घर चले गए। शुक्रवार की सुबह शोरूम खोला तो अंदर रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान से 13 मोबाइल व एक लैपटाप चोरी कर ले गए। चोर छत के रास्ते शोरूम के अंदर घुसे। चोरों से छत पर लगे लोहे के दरवाजे को एक तरफ से उखाड़ कर दूसरी मंजिल पर पहुंचे। चोरों ने दूसरी मंजिल पर बने लकड़ी के दरवाजे को भी तोड़ दिया तथा अंदर पहुंच गए। सूचना के बाद गोकलगेट चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से मौके से साक्ष्य भी जुटाने का प्रयास किया। चोरों को छत के जरिए शोरूम के अंदर दाखिल होने के रास्ते की पूरी जानकारी थी। चोरों द्वारा रैकी करने का भी अंदेशा है। गोकलगेट चौकी पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।