अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जयपुर रूट पर चलने वाली रोडवेज बस पर ड्यूटी नहीं लगाए जाने पर खफा रोडवेज के एक चालक ने रविवार देर शाम को अपनी पत्नी के साथ ड्यूटी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के रेलवे स्टेशन पर मारपीट कर दी। मारपीट की इस घटना के बाद गुस्साए रोडवेज कर्मचारियों ने सोमवार दोपहर को आरोपी चालक को सस्पेंड किए जाने की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक रहे चक्का जाम के बाद महाप्रबंधक ने आरोपी चालक को सस्पेंड कर दिया जिसके बाद ही चक्का जाम खोला गया। चक्का जाम की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी डिपो के ड्यूटी निरीक्षक एवं कोसली के सुधराना गांव निवासी कृृष्ण कुमार रविवार शाम को करीब सात बजे कोसली जाने के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान चालक गांव जाड़रा निवासी रोडवेज में बतौर चालक पद पर कार्यरत राजेश कुमार अपनी पत्नी के साथ वहां आया। आरोप है कि जयपुर रूट पर ड्यूटी को लेकर डीआई एवं चालक के बीच कहासुनी हो गई जिसके बाद उसने अपनी पत्नी के साथ डीआई के साथ मारपीट करना प्रारंभ कर दिया। इस दौरान डीआई के साथ दोनों ने जमकर मारपीट की और वहां मौजूद यात्रियों ने किसी तरह उनको बीच-बचाव करके मामला शांत कराया। इसके बाद सोमवार को डीआई ने मामले की शिकायत राजकीय रेलवे पुलिस थाना में दर्ज कराई जिसके बाद रेलवे पुलिस ने चालक एवं उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
डिपो में पता चलने पर फैला रोष, किया चक्का जाम
सोमवार को मामले की जानकारी मिलते ही रोडवेज कर्मियों में रोष पनप गया। ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से बैठक की गई, जिसमें छह यूनियनों के प्रधान व पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में डीआई के साथ की गई मारपीट की निंदा तमाम कर्मचारियों ने आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे कर्मचारियों ने बस स्टैंड के दोनों गेट पर रोडवेज की बसें खड़ी कर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की मांग थी कि आरोपी चालक को तत्काल सस्पेंड किया जाए और चालक का लाइसेंस फर्जी है, इसलिए उसकी जांच की जाए। करीब डेढ़ घंटे तक रहे चक्का जाम की वजह से नारनौल, गुरुग्राम, दिल्ली, जयपुर व अन्य मार्गों की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
------
चालक व पत्नी के खिलाफ केस दर्ज
रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर चार पर रविवार शाम को कोसली जाने वाली ट्रेन के इंतजार में बैठे डीआई कृष्ण कुमार के साथ चालक राजेश व उसके पत्नी द्वारा की गई मारपीट के मामले में जीआरपी द्वारा मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी बदलने पर हुआ विवाद
बताया गया है कि डीआई कृष्ण भकुमार द्वारा चालक राजेश की ड्यूटी जयपुर रूट पर लगी हुई थी। कुछ दिन पहले राजेश की ड्यूटी हटाकर लोकल रूट पर लगा दी गई थी। इसके बाद राजेश ने फिर से अपनी ड्यूटी जयपुर रूट पर लगाने को कहा जिसके कारण डीआई एवं चालक के बीच रविवार को भी कार्यशाला में विवाद हो गया था। शाम करीब सात बजे जब डीआई ट्रेन से अपने घर जा रहे तभी उनके साथ मारपीट कर दी गई।