अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी/खोल। रेलवे स्टेशन की पार्किंग पर काम करने वाले युवकों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राव बिरेंद्र सिंह इंजीनियरिंग संस्थान के अध्यक्ष के घर में घुसकर उनके भाई और परिजनों पर हमला कर दिया। शुक्रवार सुबह गांव डहीना के चार बाइक सवार युवकों ने विद्यार्थी परिषद के भाई को बेरहमी से पीटा। बचाव में आए परिजनों को भी नहीं बख्शा। एक हमलावर द्वारा पेचकश से हमला करने पर विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष के चाचा ने हवाई फायर कर बचाव का प्रयास किया। हमलावरों द्वारा उग्र होने पर उन्होंने गोली चला दी। गोली एक युवक के सिर में लगी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक गांव डहीना का है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इसमें दो नामजद हैं जबकि एक अन्य है। गांव जैनाबाद और डहीना के बीच तनाव की संभावना के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गांव जैनाबाद स्थित राव बिरेंद्र सिंह इंजीनियरिंग संस्थान में दूसरे जिलों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। 31 अगस्त को स्टेशन की पार्किंग पर काम करने वाले डहीना के युवकों और दूसरे जिलों से आने वाले युवकों में मारपीट हो गई। दूसरे जिलों से आने वाले छात्रों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संस्थान अध्यक्ष और जैनाबाद निवासी अजनबी खोला को इस बात से अवगत कराया। अध्यक्ष ने पार्किंग पर कार्यरत युवकों की हरकत का विरोध कर छात्रों से मारपीट नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद मारपीट करने वाले युवकों और अजनबी खोला में झगड़ा हो गया। उस समय अजनबी खोला के भाई राकेश कुमार ने किसी तरह मामले को शांत करा दिया था। इसके बाद डहीना के युवकों को अजनबी द्वारा टोकने की बात नागवार गुजरी। इसके चलते उन्होंने कई बार अजनबी को देख लेने की भी धमकी दी। अजनबी खोला का भाई राकेश कुमार गांव के ही बस स्टॉप पर साइबर कैफे चलाता है। शुक्रवार सुबह वह अपने भाई को इंजीनियरिंग संस्थान छोड़ने के बाद बाइक से बस स्टॉप स्थित साइबर कैफे की दुकान पर जा रहा था। आरोप है कि अजनबी के साथ उस दिन झगड़ा करने वाले करीब आठ-दस युवकों ने राकेश को सब स्टेशन के समीप रोक लिया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवकों ने पहले हुए झगड़े की बात कहकर अंजाम भुगतने को कहा। उस समय राकेश किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पर आ गया। राकेश के घर पहुंचने के बाद चार मोटरसाइकिलों पर आठ-दस युवक उसके घर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि वे हथियारबंद थे। आते ही उन्होंने राकेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बचाव के लिए आए परिवार के सदस्यों को भी उन्होंने नहीं बख्शा।
हवाई फायर के बाद हमलावरों पर चलाई गोली
डहीना के युवकों द्वारा राकेश की बेरहमी से पिटाई करने पर परिजनों से शोर मचा दिया। इसके बाद राकेश का चाचा बलवान सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पहले बचाव का प्रयास किया लेकिन डहीना के युवकों की संख्या अधिक होने के कारण उनकी एक नहीं चली। इसके बाद एक युवक ने राकेश पर पेचकश से हमला कर दिया। यह देखकर बलवान सिंह भी घबरा गया और वह तुरंत अपने घर से लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर पहुंचा। उसने आते ही युवकों को धमकाने के लिए हवा में फायर किया। हवा में फायर के बाद भी मारपीट करने वाले युवकों पर कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद बलवान सिंह ने गोली चला दी जो कि मारपीट करने वालों में शामिल डहीना निवासी नवीन कुमार के सिर में जा लगी। सिर में गोली लगते ही नवीन गिर गया। इसके अलावा एक गोली डहीना निवासी आतिश के पेट को छूकर निकल गई। गोली चलने के बाद वहां भगदड़ मच गई और मृतक के साथ आए युवक वहां से भाग गए। उधर गोली लगने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल नवीन और आतिश को शहर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने नवीन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। गोली चलने की घटना के बाद डहीना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर मिली एक बाइक को जब्त करने के साथ गोली के खोल भी बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद समेत तीन पर हत्या कर मामला दर्ज किया है। उधर राकेश ने भी पुलिस को डहीना के युवकों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और जानलेवा हमला करने की शिकायत दी है।
इंजीनियरिंग संस्थान के एक छात्र संगठन के अध्यक्ष के साथ हुए विवाद के बाद यह घटना हुई है। राकेश के घर मारपीट करने पहुंचे युवकों में से एक पार्किंग चलाता है जिनका संस्थान के छात्रों से विवाद हो गया था। इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। - सुरेश हुड्डा, डीएसपी।