रेवाड़ी। प्रेम-प्रसंग में एक गांव निवासी युवती के जहर खाकर जान देने के बाद प्रेमी ने भी रविवार देर रात ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले प्रेमी ने फेसबुक पर दोनों मौतों के लिए प्रेमिका के पिता को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दोनों यादव समाज से ताल्लुक रखते हैं।
राजकीय रेलवे पुलिस ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने शनिवार रात को अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद गंभीर हालत में परिजनों ने उसको शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां पर रविवार शाम को उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। उधर युवती की मौत की जानकारी मिलने के बाद गांव मांढैया निवासी 21 वर्षीय नवीन कुमार भी रात को अपने घर से निकल गया। उसके घर से लापता होने के बाद जब वह देर रात तक अपने घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश की। पता चला कि रेवाड़ी-सादलपुर रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा है। इसके बाद रात को ही परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने उसकी शिनाख्त नवीन कुमार के रूप में की। नवीन शहर के ही एक कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। परिजनों ने जब उसका फोन देखा तो उस समय उसमें फेसबुक चल रही थी। इसमें नवीन ने एक पोस्ट डाली हुई थी। पोस्ट में उसने लिखा था कि मेरी और युवती की मौत का जिम्मेदार युवती का पिता है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया।
--------------------
अभी सामान्य कार्रवाई
इस मामले में परिजनों ने कोई शिकायत नहीं दी है। फिलहाल सामान्य कार्रवाई कर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। - रणवीर सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी