तेल पाइपलाइन में सेंध, खेतों में फैला तेल
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-71 स्थित गांव मांढैया के खेतों से गुजर रही हिंदुस्तान पेट्रोलियम की मुंद्रा-दिल्ली- बहादुरगढ़ पेल पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पाइप लाइन में रिसाव के चलते कई एकड़ खेत में तेल भी फैल गया। इसकी जानकारी किसानों को खेत पहुंचने पर मिली। रविवार सुबह सूचना मिलते ही कंपनी अधिकारी मौके पर पहुंचकर पाइप लाइन को दुरुस्त करने में लग गए। वहीं इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई।
---
वाल्व लगाते तो तेल की हो सकती थी चोरी
कंपनी अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने पाइप लाइन में छेद कर वाल्व लगाकर तेल चोरी करने की योजना बनाई होगी। लेकिन अधिक प्रेशर के कारण वाल्व नहीं लग सकी। और खेत में तेल फैल गया। इसी को देखते हुए चोर भी वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची थाना मॉडल टाउन पुलिस ने तेल फैल क्षेत्र को कब्जे में लिया ताकि कोई नुकसान न हो सके। कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर सतीश कुमार की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।