लूट की झूठी सूचना देकर रात छकाया पुलिस को
-रात को किसी ने पत्रकार बनकर पुलिस कंट्रोल रूम पर दी सूचना
-देर रात तक खाक छानती रही पुलिस, सूचना देने वाले का सुराग नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। पुलिस कंट्रोल रुम पर वीरवार रात को एक युवक ने स्वयं को पत्रकार बताकर लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को दौड़ाया। जांच के बाद लूट की सूचना झूठी पाई गई। बाद में सूचना देने वाले का शख्स का मोबाइल भी बंद हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना आई कि धारूहेड़ा चुंगी पर किसी व्यक्ति को चाकू मार कर नकदी लूट ली है। सूचना देने वाला व्यक्ति खुद को एक चैनल का पत्रकार बता रहा था। पुलिस ने उसके बाद धारूहेड़ा चुंगी से लेकर पूरे शहर की खाक छान ली। लेकिन सूचना देने वाले और किसी तरह की वारदात के बारे में पता नहीं चल पाया। इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले से शख्स से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। बरहाल पुलिस झूठी सूचना देने वाले शख्स के बारे में जानकारी जुटाने में जुट गई है। फिलहाल पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूचना देने वाले शख्स के बारे में जानकारी जुटा ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पवन कुमार, एसएचओ शहर थाना पुलिस