अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर बेस्टेक मॉल के पास मंगलवार की रात को फारच्यूनर कार से आए दो बदमाशों ने चालक के कनपटी पर रिवाल्वर सटाकर इनोवा लूटा ली। इनोवा अलवर के खुशखेड़ा स्थित कंपनी में अनुबंध पर लगी थी । घटना के बाद बदमाश गुरुग्राम की तरफ भाग निकले। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के गांव मिलकपुर पटौदी निवासी हरिराम अलवर जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी में अनुबंध पर लगाई इनोवा को चलाता है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे चालक हरिराम कंपनी के कर्मचारियों को लेने के लिए धारूहेड़ा बस स्टैंड पर जा रहा था। जब वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बेस्टेक मॉल के समीप जैसे ही सर्विस रोड पर आया तभी पीछे से एक फारच्यूनर चालक ने उसकी इनोवा को ओवरटेक किया। ओवरटेक करने के बाद बदमाशों ने बीच सड़क पर ही फारच्यूर को रोककर उसकी कार को रुकवा लिया और उसके बाद फारच्यूनर से दो युवक रिवाल्वर लेकर उतरे। आते ही उन्होंने रिवाल्वर के बल पर शीशा नीचे उतरवाया और उसकी कनपटी पर रिवाल्वर रख दी। इसके बाद बदमाशों ने पहले चालक का मोबाइल सहित अन्य सामान छीन लिया और उसके बाद उसको नीचे उतारकर इनोवा लेकर गुरुग्राम की तरफ फरार हो गया।
बस स्टैंड पहुंचकर कर्मचारियों के फोन से दी जानकारी
घटना के बाद चालक मॉल से बस स्टैंड पहुंचा और वहां पर इंतजार कर रहे कंपनी कर्मचारियों के माध्यम से पुलिस को लूट की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है और आसपास के जिलों में नाकाबंदी की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। फिलहाल पुलिस ने चालक की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के संबंध में लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए छापामार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है और जल्द ही उन्हें जाएगा।
-जगदेव सिंह, थाना प्रभारी