मंदिर के पुजारी को भाई समेत बंधक बनाकर 50 हजार लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
बावल।
वार्ड-8 के पांच पीपली खाटू श्याम मंदिर में बुधवार रात को दीवार फांदकर आए बदमाशों ने हथियारों दिखाकर पुजारी और उसके दो भाइयों को बंधक बनाकर मंदिर के दानपात्र से 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली। बदमाश जाते समय पुजारी औैर उसके परिजनों से भी नकदी व मोबाइल लेकर चलते बने। घटना का वीरवार सुबह श्रद्धालुओं के मंदिर में पहुंचने पर पता चला। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कार्रवाई के बाद मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मंदिर पर बाहर से लगाया ताला
वार्ड नंबर-8 में स्थित प्राचीन पीपली श्याम बाबा मंदिर में कस्बा निवासी महेश कुमार और उसका भाई बतौर पुजारी लंबे समय से मंदिर में लगे हैं। बुधवार रात को दोनों मंदिर परिसर में ही सोए थे। रात के समय पांच-छह की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने छत के रास्ते मंदिर में प्रवेश किया। पुजारी महेश ने बताया कि सभी के हाथों में हथियार थे। मंदिर में पहुंचते ही हमलावरों ने उनके सिर पर रिवाल्वर लगा दी। इसके बाद उसका भाई भी जाग गया। दोनों को हथियारों के दम पर बंधक बना लिया गया। बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने मंदिर का दानपात्र तोड़ा। इसमें करीब 50 हजार रुपये से भी अधिक की राशि के साथ उनके पास मौजूद 1500 रुपये और मोबाइल भी लूट ले गए। बदमाश जाते समय न केवल दोनों भाइयों को बंधक बनाकर एक कमरे में डाल गए अपितु मंदिर के मुख्य द्वार पर भी ताला लगाकर फरार हो गए। इसके बाद दोनों भाई रातभर बंधक अवस्था में मंदिर में ही पड़े रहे। सुबह जब मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालु पहुंचे तो मुख्य द्वार पर ताला लगा पाया जबकि चाबी बाहर पड़ी थी। ताला खोलने के बाद जब मंदिर में आए तो वहां दानपात्र टूटा था। पूरा सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद श्रद्धालुओं को माजरा समझते देर नहीं लगी। कुछ ही देर में पूरे कस्बे में यह खबर फैल गई। बाद में कमरा खोल कर पुजारी और उसके भाई को बाहर निकाला गया। पुजारी से लोगों को घटना की जानकारी दी। बाद में बावल थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पुजारी महेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।