रेवाड़ी। सदर थाना क्षेत्र के गांव बुढ़पुर में ईंट भट्ठे पर काम करने वाली एक महिला ने महज इसलिए अपने पति की हत्या कर दी कि उसने शराब पीना बंद नहीं किया। मामला छह दिन पूर्व का है, लेकिन शनिवार को झुग्गी से बदबू आने पर लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान मृतक की बेटी ने भी नरेश के जमीन में दबा होने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के झुंझुनू के गांव सिगनोठ निवासी नरेश पिछले काफी समय से अपनी पत्नी व दो बच्चियों के साथ सदर थाना क्षेत्र के गांव बुढ़पुर स्थित एक बालाजी ईंट भट्टा पर श्रमिक का कार्य करता था। रविवार की रात को नरेश शराब पीकर अपनी झुग्गी में आया तो उसकी पत्नी कमला नेे उसे शराब पीने मना किया तो दोनों पति-पत्नी में विवाद बढ़ गया। बताया गया है कि नरेश ने अपनी पत्नी कमला की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद कमला ने नरेेश को नीचे गिराकर उसका गला घोट दिया, जिससे उसकी हत्या हो गई। हत्या के बाद शव को झुग्गी में ही गड्डा खोद कर दबा दिया। सूचना के बाद एसडीएम अलका चौधरी, डीएसपी हंसराज व एसएचओ थाना सदर सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को जमीन खोद कर बाहर निकाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जहां शव दबाया उसी के ऊपर खाना बनाने लगी महिला
आरोपी पत्नी ने हत्या का राज को छुपाने के लिए रात को ही झुग्गी के अंदर ही एक गड्डा खोदा और शव को दबा दिया। किसी को शक न हो इसलिए जमीन को समतल कर उस पर चूल्हा बनाकर खाना बनाना शुरू कर दिया। उसके बाद से ही आसपास के लोग लगातार उससे नरेश के बारे में पूछते रहे, लेकिन यह कहते हुए बात टाल देती कि वह कहीं गया हुआ है।
बदबू आने पर उठा हत्या से पर्दा
शनिवार सुबह उसकी झुग्गी से बदबू उठने लगी। पास में रहने वाले अन्य श्रमिकों ने इसकी जानकारी भट्टा मालिक को दी। भट्टा मालिक को शक हुआ तो उसने तुरंत सदर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने पहले तो झुग्गी को खंगाला और फिर वहां मिट्टी उठाई तो उसमें नरेश की लाश दबी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।
शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर काबू कर लिया है। मृतक अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठे पर काम करता था। रविवार रात को पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें पत्नी ने गला घोट कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
- विनोद कुमार, सदर थाना प्रभारी
‘अंकल मेरे पापा को मत जगाओ मम्मी ने शराब पिलाकर सुला रखा है’
पुलिस द्वारा जमीन को खोदकर मृतक नरेश के शव को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था तो मृतक की करीब पांच वर्षीय मासूम बेटी आरती ने कहा कि पुलिस अंकल पापा को मत जागाओ मम्मी ने शराब पिलाकर सुला रखा है। इसके बाद मासूम ने बताया कि रात को उसके पापा को मम्मी ने गड्ढा खोदकर जमीन में सुलाया था।
हालांकि मृतक के माता-पिता भी यहीं रहते है, लेकिन किसी को भी इस घटना की कानों कान सूचना नहीं मिली। पूछताछ में भी आरोपी पत्नी करीब तीन घंटे तक पुलिस को गुमराह करती रही। लेकिन पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में महिला ने पति की हत्या का राज कबूल कर लिया। शनिवार को दोपहर बाद पुलिस द्वारा जमीन को खोदकर शव को बाहर निकालने का प्रयास किया तो मृतक की बेटी आरती ने पुलिस को घटना वाली रात की सच्चाई बताई।