अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर गांव कापड़ीवास के समीप हथियारों से लैस कार सवार बदमाशों द्वारा गुजरात की एक कंपनी के दो कर्मचारियों से की गई साढ़े 4 करोड़ रुपए की लूट के मामले में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को राहदारी वारंट पर लेकर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली नांगलोई के निहाल विहार निवासी सोहनवीर व दिल्ली के विजय पार्क निवासी कमरूदीन के रूप में हुई है। दोनों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार गुजरात के जिला मेहसाणा के उंजा निवासी करण पटेल अहमदाबाद की पी-विजय कंपनी में बतौर ड्राइवर नौकरी करता है। 20 सितंबर को वह कंपनी के ही कर्मचारी अहमदाबाद निवासी गजेन्द्र राठौर के दिल्ली से साढ़े 4 करोड़ रुपए की नकदी लेकर कार से अहमदाबाद जा रहा था। रात करीब पौने 9 बजे तीन कारों में सवार बदमाशों ने दोनों को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव कापड़ीवास के पास रूकवा लिया था और हथियारों के बल पर बंधक बनाकर उनकी कार व साढ़े 4 करोड़ रुपए की नकदी लूट ली थी। बदमाश करण पटेल गजेन्द्र राठौर को राजस्थान की सीमा में फेंक कर फरार हो गए थे। धारूहेड़ा पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसी बीच दिल्ली क्राईम ब्रांच की टीम ने उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से ग्यारह लाख किया है बरामद
आरोपी कमरूदीन से 9 लाख 7 हजार रुपए की नकदी व सोहनवीर से 2 लाख रुपए की नकदी बरामद की। रेवाड़ी पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस दिल्ली पहुंची। शनिवार दोनों आरोपियो को राहदारी वारंट रेवाड़ी लाया गया था। रविवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान लूट की इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और लूटी गई नकदी के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।