बाइक चोरी के आरोपी फिर एक दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर से मोटरसाइकिल चोरी की वारदात करने के आरोपियों का रिमांड समाप्त होने के बाद मंगलवार को उन्हें फिर से अदालत में पेश किया गया। वहां से दोनों को फिर से एक दिन के रिमांड पर भेज दिया। सेक्टर-तीन चौकी पुलिस आरोपियों से अपने क्षेत्र से चोरी हुई बाइकों को बरामद करने का प्रयास कर रही है। वहीं मंगलवार को पुलिस आरोपियों लेकर भिवाड़ी भी पहुंची।
गौर हो कि पुलिस ने रेजांगला पार्क के सामने से पकड़े गए बाइक चोर गिरोह के सदस्य जिला नूंह के गांव निवाना निवासी मनोज व पड़पड़वास निवासी मुनसरीफ का मंगलवार को रिमांड खत्म हो गया था। पूछताछ में दोनों ने शहर से 69 बाइकें चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो बाइक भी बरामद की है। इस संबंध में सेक्टर-तीन चौकी प्रभारी ब्रह्मजीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत ने एक दिन के और रिमांड पर दिया है। पूछताछ की जा रही है। चोरी की बाइक बरामद करने का प्रयास भी किया जा रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।