ट्रेन में महिला यात्री का बैग छीना
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
ट्रेनों में यात्री से बैग छीनने, नकदी और मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में गाजियाबाद इंद्रापुरा निवासी चंद्रकला ने बताया कि वह अपनी पुत्रवधू के साथ चेतक एक्सप्रेस में उदयपुर सिटी से दिल्ली सराय रोहिल्ला जा रही थी। रेवाड़ी स्टेशन से जैसे ही ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई एक युवक खिड़की के पास बैठी उनकी पुत्रवधू के हाथ से बैग छीनकर भाग गया। बैग में मोबाइल, एक सोने की चेन, एक जोड़ी झुमके, एक अंगूठी, पाजेब व करीब 20 हजार रुपये की नकदी थी। ट्रेन चल देने के कारण चंद्रकला रेवाड़ी जीआरपी को घटना की सूचना नहीं दे पाई। उन्होंने बैग छीनने की घटना की जानकारी जीआरपी सराय रोहिल्ला को दी और जीरो एफआईआर दर्ज कर रेवाड़ी भेज दी। जीआरपी रेवाड़ी ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
---
दो यात्रियों से हुई चोरी
उधर, विवेक विहार अलवर निवासी मनीष कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह अपने माता-पिता के साथ पूजा एक्सप्रेस में अंबाला से अलवर आ रहे थे। वे ट्रेन में सोए हुए थे। रेवाड़ी स्टेशन पहुंचे तो उनकी मां का पर्स गायब था। उन्होंने पर्स चोरी होने की सूचना टीटीआई को भी दी। पर्स में एक मोबाइल व करीब बीस हजार रुपये की नकदी थी। मनीष ने अलवर पहुंचने के बाद चोरी की शिकायत जीआरपी थाना में दी। अलवर जीआरपी ने मामला जांच के लिए रेवाड़ी भेजा है। बुधवार को रेवाड़ी जीआरपी ने चोरी का मामला दर्ज किया है। वहीं राजस्थान के जिला चुरू के की आदर्श कॉलोनी सुजानगढ़ निवासी सुरेंद्र शर्मा सुजानगढ़ से ट्रेन में दिल्ली सराय रोहिल्ला जाने के लिए रवाना हुए थे। रेवाड़ी स्टेशन पर ट्रेन रूकने के बाद वे टायलेट में चले गए। वापस लौटे तो सीट से उनका बैग गायब था। बैग में एक लैपटाप, दो मोबाइल, एक क्रेडिट, दो डेबिट व अन्य सामान था। जीआरपी थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।