शव हाईवे पर रखकर लगाया लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। कांवड़ लाने की तैयारी में जुटे युवक की हत्या करने के मामले में परिजनों ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरावड़ा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-71 पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी होने के बाद ही जाम खोलने की चेतावनी दी। करीब एक घंटे तक लगे जाम में इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने शनिवार को ईश्वर के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। लौटते समय ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-71 पर गांव गुरावड़ा के निकट शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने हत्या के आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। सूचना के बाद रोहड़ाई थाना एसएचओ जगदीश प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, परंतु ग्रामीणों ने कहा कि वे आरोपितों की गिरफ्तारी होने के बाद ही जाम खोलेंगे। सूचना के बाद कोसली उपपुलिस अधीक्षक अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने कहा कि आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए अलग से टीम बनाई है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों ने पुलिस को आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। दो दिन में आरोपित गिरफ्तार नहीं हुए तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। डीएसपी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। करीब एक घंटा जाम रहने के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला। ग्रामीणों के हटने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारु किया।
यह है मामला
गांव हांसावास निवासी 22 वर्षीय ईश्वर सिंह अपने मामा के घर रहकर हलवाई की दुकान चलाता था। कुछ दिन पूर्व ही वह गांव आया था। अपने दोस्तों के साथ कुछ दिन बाद कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार जाने की तैयारी में जुटा था। वह शुक्रवार की शाम गांव गुरावड़ा की तरफ जा रहा था। रेलवे फाटक के निकट गांव के ही कुछ युवकों ने ईश्वर और उसके दोस्तों को रोक कर लाठी, डंडों व रॉड से हमला बोल दिया था। हमलावरों ने ईश्वर को मौके पर पकड़ लिया था, जबकि उसके दोस्त वहां से भागने में कामयाब हो गए थे। मारपीट से ईश्वर की मौत हो गई थी। रोहड़ाई थाना पुलिस ने इस मामले में गांव हांसावास निवासी देवेंद्र, बलजीत, दीपक, नरबीर व गादला निवासी अमित सहित 4-5 अन्य युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।