19 फरवरी को होनी थी बेटी की शादी, चोरों ने 9 लाख के गहने और सामान पर किया हाथ साफ
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के बावल रोड स्थित गांव कमालपुर में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशान बनाकर 10 लाख रुपये के गहने और 12 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वहीं एक अन्य घर में चोरी का प्रयास किया और एक जगह से कुछ खेती के औजार चोरी कर ले गए। गांव में एक साथ चोरी कर चार वारदातों से पूरा गांव सन्न है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि 100 नंबर हेल्पलाइन पर दसों पर बार फोन करने पर भी फोन नहीं उठाया गया। अगर समय पर मदद मिलती तो चोरों को पकड़ा जा सकता था। फिलहाल थाना मॉडल टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली चोरी शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर गांव कमालपुर वासी रेलवे से रिटायर्ड परशुराम के घर हुई। 19 फरवरी को उनकी बेटी की शादी है। चोर घर से 20 तोले सोने के गहने, एक किलो चांदी समेत करीब नौ लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वहीं दूसरी चोरी गांव के सूबेसिंह के घर में हुई। सूबेसिंह सिंह के बेटे की शादी भी फरवरी में है। उनके घर से चोर 12 हजार रुपये, सोने की चेन, लोंग, पायजेब समेत एक लाख रुपये के समान पर हाथ साफ कर गए। वहीं चोरी का तीसरा प्रयास शेषपाल के घर में किया गया। लेकिन भाई के जाग जाने पर आरोपी गोली मारने की धमकी देकर वहां से निकल लिए। चौथी वारदात चोरों ने गांव में ही एक ट्यूबवेल पर बनी रामू की कोठरी में की। यहां से चोर पेचकस, प्लास और कस्सी जैसा सामान भी उठा ले गए। गांवों वालों के अनुसार 350 घरों के गांव में पहली बार चोरी हुई है। हालांकि गांव में ठीकरी पहरा भी दिया जा रहा है। फिर भी चोर वारदात को अंजाम देकर रफूूचक्कर हो गए।
---
बेटी की शादी के लिए जोड़ी थी पाई-पाई : परशुराम
गांव कमालपुर निवासी परशुराम रेलवे से रिटायर्ड हैं। दो बेटे हैं, जिनमें एक रेलवे में है और दूसरा गुरुग्राम कंपनी में कार्यरत हैं। परशुराम ने बताया कि 19 फरवरी को बेटी शादी होने के चलते धीरे-धीरे सामान भी खरीदा जा रहा था। अभी मकान की पुताई कराई थी। नीचे चार कमरे बने हैं। दो कमरों में परिवार सो रहा था। ऊपर वाले कमरे में बड़ा बेटा था। वहीं एक कमरे में पांच बक्से रखे थे, जिनमें बेटी की शादी के जेवर और घर के गहने रखे थे। परशुराम ने बताया कि सुबह 3.25 पर आवाज आई। वह उठा और गेट खोलने का प्रयास किया तो किसी ने बाहर से कुंडी लगा रखी थी। शक होने पर उसने ऊपर सो रहे बेटे को फोन कर सारी बात बताई और सीढ़ियों से उतरने की बजाय पड़ोसियों को साथ लाकर पीछे से आने की बात कही। बेटे के पहुंचने पर देखा तो कमरे में रखे चार बक्सों ताले टूटे थे और उनमें रखे बेटी और परिवार के 20 तोले सोने के गहने, एक किलो चांदी और अन्य सामान गायब था। परशुराम ने बताया कि करीब 9 लाख रुपये का सामान चोरी होने से उसके तो पैरों तले से जमीन खिसक गई। परशुराम ने कहा कि पाई-पाई जोड़कर बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे। लेकिन चोर एक झटके में सब कुछ ले गए। अब कुछ समझ नहीं आ रहा।
---
खाली प्लॉट में पड़ी मिली अलमारी : सूबेसिंह
वहीं सुबेसिंह ने बताया कि फरवरी में उसके बेटे की शादी है। उन्होंने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे अचानक उठा तो देखा कि एक कमरे का दरवाजा खुला है। अंदर जाकर देखा तो उसमें रखी अलमारी ही गायब है। यह देख उसके होश उड़ गए। उसके शोर मचाने पर धीरे-धीरे लोग जुटने लगे। इसके बाद जांच की तो अलमारी घर के समीप ही एक खाली प्लॉट में पड़ी मिली। जिसमें से चोर 12 हजार रुपये, सोने की चेन, लोंग पायजेब सहित एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि चोर पूरा गिरोह बनाकर आए थे। 100 नंबर पर पुलिस ने फोन भी नहीं उठाया।
---
चुप रहना, नहीं गोरी मार देंगे : शेषपाल
तीसरी वारदात शेषपाल के मकान में हुई। यहां चोरों ने उसके कमरे की खिड़की ही उखाड़ दी थी। शेषपाल ने बताया कि इस दौरान समीप रहने वाले उसके कुछ शोर सुनकर जाग गए। शेषपाल ने बताया कि भाई जब बाहर आए तो दो लोग उसके घर के सामने खड़े थे। उन्होंने खड़ा होने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि चुप रहना, नहीं तो गोली मार देंगे। इसके तुरंत बाद भाई अपने घर में आ गए और फोन पर उसे इसकी जानकारी दी। तब तक चोर वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चोरों ने एक प्रयास में खिड़की तोड़ दी। लेकिन भाई के जागने के कारण कोई वारदात नहीं हो सकी। अन्य घरों में चोरी हुई है। ग्रामीण भी सहमे हुए हैं।
---
एक घंटे में वारदात
ग्रामीणों के अनुसार गांव कमालपुर से एक रोड बावल और दूसरी ओर गढ़ीबोलनी की तरफ निकलता है। चोरी की सभी घटनाएं रात ढाई से साढ़े तीन बजे के बीच हुई। ग्रामीणों की मानें तो चोरों का एक पूरा गिरोह इस वारदात को अंजाम देने के लिए आया। चोरों ने जिन दो घरों को शिकार बनाया। उनमें थोड़े दिनों बाद शादी होनी थी। ऐसे में चोरों को पहले इस बारे में पता था। वहीं घटना के बाद चोर एकदम कहां रफूचक्कर हो गए। पुलिस अभी पूरी वारदात को सभी एंगलों से जोड़कर देख रही है। वहीं सर्दियों में रात्रि के समय चोरी की वारदातें बढ़ने के कारण जिला पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गांवों में ठीकरी पहरा लगता है। कमालपुर गांव में सोमवार रात छह लोग ठीकरी पहरा दे रहे थे। इसके बाद भी गांव में चोरी हो गई।
---
100 नंबर पर मिला फोन, लेकिन उठाया नहीं
गांव में एक साथ इतनी बड़ी वारदात के बाद ग्रामीणों की सांसें फूल गई। पूरा गांव अलसुबह एकत्रित होने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि 100 नंबर हेल्पलाइन पर दसों बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। आखिरकार ग्रामीण सुबह एकत्रित होकर मॉडल टाउन थाने पहुंचा। इसके बाद पुलिस करीब नौ बजे गांव में पहुंची। इसके बाद में पुलिस उपाधीक्षक सतपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---
गांव में कभी चोरी हुई है। हमने हमारी जिंदगी में पहली बार चोरी होते देखा है। पूरा गांव सन्न है। समझ नहीं आ रहा क्या करें। पुलिस को शीघ्र कोई कार्रवाई करनी चाहिए।
उत्तम, समाजसेवी
---
सुबह छह बजे घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया। गांव में ठीकरी पहरा चल रहा है। पुलिस ने ठीकरी पहरा लगाने वालों से भी जानकारी ली है।
सतीश, सरपंच
---
पुलिस मुस्तैदी के साथ वारदात को ट्रैस कर रही है। आरोपी शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। चोरों ने दो ग्रामीणों से बातचीत भी की। हमें इस तरह की वारदातों को रोकने के लिए लोगों का सहयोग चाहिए। अगर लोग शोर मचाते तो शायद वारदात को रोका जा सकता था।
सतपाल, डीएसपी, बावल