रेवाड़ी। रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने आई बहन का शनिवार को नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आए भाई से पार्किंग शुल्क को लेकर विवाद होने पर कारिंदों ने भाई-बहन की पिटाई कर दी। घटना के दौरान अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई, वहीं अस्पताल प्रबंधन व पुलिस मूक दर्शक बनी रही। पीड़ित द्वारा गोकलगेट में शिकायत देने के बाद भी समाचार लिखे जाने तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई थी।
जानकारी के अनुसार रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव आरामनगर निवासी कृष्ण शनिवार को अपनी बीमार बहन को शहर के नागरिक अस्पताल में इलाज कराने आया था। उसने अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी कर दी और इसके बाद चिकित्सक के पास चला गया। जब वह वापस आया और बाइक ले जाने लगा तो पार्किंग संभालने वाले एक कारिंदे ने उससे शुल्क मांगा। इस पर कृष्ण कुमार ने बताया कि बताया कि वह शुल्क पहले ही दे चुका है, इस पर कारिंदे ने शुल्क देने की बात से मना कर दिया। इसके बाद दोनों में विवाद बढ़ गया। विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि कारिंदों ने अचानक लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। भाई को पीटता देख उसकी बहन बीच बचाव करने आई तो पार्किंग के कारिंदों ने उसकी की पिटाई कर दी। हालांकि नागरिक अस्पताल की पुलिस चौकी में पुलिस कर्मचारी तैनात थे, लेकिन सभी तमाशबीन बने हुई खड़े रहे।
शिकायत लेने की बजाय भेजा दूसरी पुलिस चौकी में
घटना के बाद कृष्ण ने अस्पताल चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों को शिकायत दी तो उन्होंने दोनों को वहां से गोकलगेट चौकी पुलिस के पास जाने को कहा। पीड़ित भाई-बहन ने बताया कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए उन्हें ही धमका रही है।