अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
साइबर अपराधियों ने बावल क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी एक व्यक्ति से बैंक अधिकारी बनकर पहले उसके मोबाइल पर आया वन टाइम पासवर्ड पूछा और उसके बाद एक लाख 60 हजार रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। शिकायतकर्ता जब बैंक में गया तो उसे पता चला कि उसका खाते के पैसों से शॉपिंग की जा चुकी है। फिलहाल शहर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बावल क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी सुंदरलाल का शहर के सरकुलर रोड स्थित एसबीआई शाखा में खाता है। कुछ दिन पूर्व सुंदरलाल के पास फोन आया कि जिसमें फोन पर बोल रहे व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि वह बैंक की मुख्य शाखा से बोल रहा है। उसका खाता आधार कार्ड से लिंक करना है। इसलिए खाता नंबर के साथ-साथ उसके पासवर्ड भी पूछ लिए।
पीड़ित ने बताया कि 21 से 23 मई तक उसके खाते से ऑनलाइन शॉपिंग की गई, जिसके मैसेज भी आए। बाद में बैंक में जाकर पूछने पर मालूम हुआ कि वह ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गया। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने उसको पुलिस को शिकायत देने की सलाह दी जिसके बाद पीड़ित ने शहर थाना पुलिस में मामले की शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों ने दिल्ली में ऑनलाइन शॉपिंग की है जिसके मोबाइल में संदेश भी आते रहे हैं लेकिन खाता धारक ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उल्लेखनीय है कि जिले में बैंक अधिकारी बनकर ऑनलाइन शॉपिंग करने या फिर खाते से रुपये निकालने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। औसतन हर सप्ताह जिले में दो खाताधारक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो रहे हैं।