रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला चौक के पास सड़क पार कर रहीं बिहार के समस्तीपुर निवासी 30 वर्षीय राजो देवी और उसके साथ मौजूद दो साल की उसकी बेटी अनुशिखा की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। चूंकि हादसा रात करीब नौ बजे हुआ, इसलिए पता नहीं चल सका कि मां बेटी को किस वाहन ने कुचला। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बिहार के समस्तीपुर निवासी करीब 30 वर्षीय राजो देवी कसौला चौक के पास रहती थी। राजो देवी यहां एक गोदाम में मजदूरी करती थी। रविवार रात नौ बजे वह अपनी दो वर्षीय बेटी अनुशिखा के साथ सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान रेवाड़ी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने दोनों मां-बेटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए चालक वाहन लेकर भाग गया। इसलिए पता नहीं चल सका कि मां बेटी को किस वाहन ने कुचला। इधर से गुजर रहे लोगों ने खून से लथपथ पड़ीं मां-बेटी को ट्रामा सेेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए।
बस का इंतजार कर रहे किशोर की ट्राला की टक्कर से गई जान
रेवाड़ी। मैनुपरी (यूपी) निवासी 16 वर्षीय कुलदीप अपने भाईयों के साथ बनीपुर चौक पर रहता था। वह बावल औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। रविवार रात वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला चौक पर अपने भाईयों के साथ खड़ा होकर दिल्ली की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्राला वाहन ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।