कोंच (जालौन)। टप्पेबाजों ने किसान के जेवर उसकी बाइक समेत पार कर दिए। किसान ने जब बाइक और उस पर टंगा जेवरों का थैला नदारद देखा तो होश उड़ गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। किसान ने बताया कि वह अभी-अभी जेवर खरीद कर लाया था। टप्पेबाज बाइक और जेवर दोनों ले गए। थाना प्रभारी एलएन त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द खुलासा किया जाएगा।
नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अकनीबा निवासी बाबूसिंह गौर पुत्र दर्शन सिंह सोमवार दोपहर सराफा बाजार से मंगलसूत्र और भगवान के कानों के कुंडल खरीदे और एक थैले में डाल कर बाइक पर टांग लिए। इसके बाद वह बस स्टैंड के पास एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर बाइक खड़ी कर सामान खरीदने लगा। कुछ देर बाद जब वह बाइक की ओर लौटा तो देखा कि बाइक नदारद थी।
इस पर वह शोर मचाने लगा। आसपास भीड़ लग गई। काफी खोजबीन के बाद जब बाइक नहीं मिली तो उसने कोतवाली में सूचना दी। पुलिस किसान को लेकर उस दुकान भी गई जहां से उसने जेवर खरीदे थे। पुलिस का कहना है कि अनुमान है कि टप्पेबाज सुनार की दुकान से ही पीछे लगे हों। फिलहाल आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है।