करंट लगने से ट्रांसफार्मर से गिरा कर्मचारी, लाइनमैन के खिलाफ केस
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
गांव भड़ंगी में ट्रांसफार्मर की रिपेयरिंग के दौरान करंट लगने से डीसी रेट पर लगा कर्मचारी घायल हो गया। घायल कर्मचारी को मानेसर में भर्ती करवाया गया है। घायल कर्मचारी महावीर का आरोप है कि विभाग ने लाइनमैन ने बिना पूछे ही बिजली सप्लाई शुरू करवा दी थी जिसके कारण उसे करंट लगा। महावीर ने इस संबंध में नाहड़ पुलिस चौकी में मुकदमा भी दर्ज कराया है।
कोसली बिजली निगम में डीसी रेट पर कार्यरत कर्मचारी महावीर के अनुसार वह रविवार सुबह भड़ंगी गांव में बिजली आपूर्ति बंद करवाकर जनस्वास्थ्य विभाग के ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा था। इस दौरान लाइनमैन इंद्रजीत सिंह ने उससे बिना पूछे बिजली आपूर्ति चालू करवा दी जिससे 11 हजार वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और झटका लगने से नीचे गिर गया। जानकारी मुताबिक हादसे में महावीर के दोनों हाथों और गर्दन पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले उसे कोसली से रेवाड़ी और फिर रेवाड़ी से आईएमटी मानेसर के ईएसआइसी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में एलएम इंद्रजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।