घर में ही फंदे पर झूला युवक
खोल। खोल थाना क्षेत्र के गांव कंवाली में सोमवार को एक युवक ने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के गांव कंवाली निवासी करीब 23 वर्षीय प्रविंद्र के माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। वह घर में अकेला था। सोमवार को उसके पिता ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो उसने उठाया नहीं। इसके बाद उसके पिता ने प्रविंद्र से बात करने के लिए पड़ोसियों को बोला। पड़ोसियों ने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर बाद अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दरवाजा तोड़कर देखा तो वह फांसी पर लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतार कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।