बच्चे का अपहरण कर मांगनी थी फिरौती
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 8 स्थित गांव मालपुरा में ट्राली बैग से बरामद आठ वर्षीय प्रिंस का अपहरण आरोपी ने फिरौती मांगने के लिए किया था। इसके पहले कि वह बच्चे को बैग में डालकर निकलता पुलिस और परिजनाें ने सतर्कता से उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके कमरे में बैग से पुलिस ने बच्चे का शव बरामद कर उसको हिरासत में ले लिया। मंगलवार को भारी पुलिस बल के बीच नागरिक अस्पताल में तीन डॉक्टरों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। धारूहेड़ा पुलिस सोमवार देर रात शव को नागरिक अस्पताल स्थित मोर्चरी में लेकर आई थी। सुबह होते ही भूड़ला एवं मालपुरा के सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए थे। ग्रामीणों की भीड़ देखकर डीएसपी गजेंद्र शर्मा और कई थानों की पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। ग्रामीणों की मांग पर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल प्रबंधन ने बोर्ड गठित किया। बोर्ड में बच्चा रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र, फोरेंसिक एक्सपर्ट अमित कुमार और हड्डी रोग के डॉ. सिद्धार्थ शामिल थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की हत्या के सही कारणों का पता चल पाएगा। वहीं धारूहेड़ा पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं आरोपी दिगंबर को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
गौरतलब है कि रविवार दोपहर के समय मालपुरा से आठ वर्षीय बच्चे प्रिंस का गांव में ही किराये के कमरे में रहे आरोपी दिगंबर ने फिरौती के लिए अपहरण कर लिया था। पुलिस ने शक के आधार पर रविवार देर रात आरोपी भरतपुर निवासी दिगंबर को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने प्रिंस की हत्या कर शव को छिपाने की बात कबूली थी। एक दिन पहले ही बच्चे के चाचा सतीश ने प्रिंस के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि रविवार सुबह उसका भतीजा प्रिंस (8) मंदिर के समीप खेलने गया था। वह वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी दिगंबर (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इस पर दिगंबर ने फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण करने और उसे बैग में छिपाने की बात कबूली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग से प्रिंस का शव बरामद कर लिया। बच्चे के गले में रस्सी के निशान भी थे, जिससे लगता था कि रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या की गई थी।
---
आरोपी ने गांव में दो जगह ले रखे थे रूम
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी ने गांव में दो जगह कमरे ले रखे थे। आरोपी अपने एक कमरे में बच्चे प्रिंस को बेहोश कर उसे ट्रॉली बैग में डालने के बाद दूसरे कमरे में लेकर गया था। ग्रामीणों के अनुसार गांव में एक घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी में एक व्यक्ति ट्रॉली बैग लेकर जाता हुआ दिख रहा है, लेकिन वह स्पष्ट नहीं है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी हत्यारा ही बैग को लेकर गांव के बीच से गया। जानकारी के अनुसार आरोपी सात दिन पहले ही गांव में आया था। यहां पर उसने 1500 रुपये में गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति के प्लॉट में कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि दुकानदार और मकान मालिक से सख्ती करने के बाद ही पुलिस आरोपी 19 वर्षीय दिगंबर को गिरफ्तार कर पाई। पुलिस का मानना है कि सभी पहलुओं के साथ जांच की जा रही है। जो लोग इस केस से जुड़े हैं, सबसे पूछताछ की जा रही है। दुकानदार और मकान मालिक भी उसमें शामिल हैं।
---
सदमे में प्रिंस की दोनों बहनें
बावल के गांव भूड़ला से प्रिंस चाचा सतीश और उसके दो अन्य भाई करीब बीस साल से धारूहेड़ा में हाईवे पर स्थित गांव मालपुरा में रहते हैं। यहां पर तीनों भाई किसानी करते हैं और संयुक्त परिवार में रहते हैं। दो साल पहलेे ही प्रिंस के पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद चाचा सतीश और उसका भाई बच्चों की देखभाल करते हैं। प्रिंस की दो बड़ी 13 और 11 वर्षीय बहनें हैं। प्रिंस की हत्या से दोनों सदमे में है।
---
बिना वेरिफिकेशन के रह रहे 40 हजार किराएदार
जिले में धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र सबसे पुराना है। राजस्थान का भिवाड़ी भी धारूहेड़ा से लगता है। मालपुरा, गढ़ी-अलावलपुर, माहेश्वरी, कापड़ीवास, नंदरामपुर बास, गुर्जर घटाल सहित अन्य गांवों में करीब 40 हजार किराएदार रहते हैं। 99 फीसदी किराएदार बिना पुलिस वैरीफिकेशन के यहां पर रह रहे हैं। एक साल पहले धारूहेड़ा के गांव में सरपंचों की बैठक में एसपी संगीता कालिया ने किराएदारों का वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए थे। इतना ही नहीं कुछ दिन पहले रेवाड़ी आए डीजीपी बीस संधू ने भी औद्योगिक क्षेत्र को देखते वैरीफिकेशन कराने पर जोर दिया था, लेकिन लोग भी जागरूक नहीं हो रहे हैं।
----
सीसीटीवी में बैग ले जाने की बात सामने आई है। अन्य जगहों के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे का मारने की बजाय बेहोश कर वहां से ले जाना चाहता था। इसके बाद फिरौती मांगने की योजना थी। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। आठ को कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान अन्य जानकारी मिलने की संभावना है। - बिरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी
---
पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड से कराया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। मकान मालिक के खिलाफ भी जांच कराई जाएगी। इसी के साथ जो लोग अपने किराएदारों का पुलिस से वैरिफिकेशन नहीं कराएगा, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। - गजेंद्र शर्मा, डीएसपी, हेडक्वार्टर, रेवाड़ी।