अमर उजाला ब्यूरो
बावल। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर शनिवार रात को हाईवे पार करते समय उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर का रहने वाला था। बस के चालक-परिचालक शव को लेकर कोटा चले गए तथा सवारियां छोड़ने के बाद कसौला चौक के समीप बस व शव को छोड़ कर फरार हो गए। कसौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार को कसौला चौक के समीप उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस लावारिस हालत में खड़ी होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो बस के अंदर खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा हुआ था। बस में युवक का शव पड़ा होने की सूचना के बाद सनसनी फैल गई। सूचना के बाद कसौला थाना एसएचओ उदय सिंह भी मौके पर पहुंच गए तथा जांच शुरू की। शुरूआत में पुलिस को युवक की हत्या की आशंका थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे गौतमबुद्ध नगर के गांव जलालपुर निवासी सोहनपाल ने मृतक की शिनाख्त अपने भाई ज्ञान चंद के रूप में की।
सोहनपाल ने बताया कि उसका भाई ज्ञानचंद बावल औद्योगिक क्षेत्र में ही मजदूरी करता था। रात करीब डेढ़ बजे उन्हें बस के चालक ने फोन करके बताया कि भाई ज्ञान चंद का हाईवे पर कसौला चौक के निकट सड़क पार करते समय उनकी बस से एक्सीडेंट हो गया है। हादसे के बाद रात को बस के चालक व परिचालक ज्ञानचंद को नीमराणा स्थित अस्पताल में ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद चालक व परिचालक ने राजस्थान के एक थाने में हादसे के बारे में जानकारी दी। राजस्थान पुलिस ने दोनों को कसौला थाना में सूचना देने की सलाह दी। इसके बाद दोनों शव को बस में ही डाल कर कोटा सवारियां छोड़ने चले गए थे। यहां तक उसका बस चालक के साथ संपर्क रहा था लेकिन बाद में कोई संपर्क नहीं हुआ। सोहनपाल ने बताया कि कसौला थाना के अंतर्गत हादसा होने की जानकारी मिलने पर वे यहां पहुंचे थे।
कसौला थाना एसएचओ उदय सिंह ने बताया कि चालक व परिचालक शव को बस में ही छोड़ कर फरार हो गए। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है।