फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसएचओ लगवाने की बातचीत का आडियो मैसेज वायरल, सीएम तक पहुंचा मामला

विज्ञापन
विज्ञापन
धारूहेड़ा करा लूूं..., सेवा करनी होगी ....29 से 31
विज्ञापन

धारूहेड़ा एसएचओ लगवाने की बातचीत का ऑडियो मैसेज वायरल, पुलिस प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप, सीएम को भेजी शिकायत

अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
धारूहेड़ा थाने में एसएचओ लगवाने को लेकर बातचीत का एक ऑडियो मैसेज वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है। दावा किया जा रहा है कि वायरल मैसेज में पुलिस अधिकारी से बातचीत करने वाला इनेलो नेता एवं पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव हैं। इनेलो नेता ने स्पष्ट किया है कि वायरल मैसेज में उनकी आवाज नहीं है। साजिश के तहत उनको बदनाम किया जा रहा है। इनेलो नेता द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का नाम लेकर बातचीत करने का ऑडियो के वायरल होने के बाद सत्ता पक्ष सक्रिय हो गया है। ऑडियो विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास के मोबाइल से मंगलवार रात एक समाचार ग्रुप में आया है। यह मैसेज बुधवार सुबह पुलिस और मीडिया में वायरल हो गया। विधायक कापड़ीवास ने ऐसा कोई ऑडियो भेजने से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि उनको तो वाट्सअप चलाना तक नहीं आता है। दूसरी तरफ भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को इस मामले की शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

धारूहेड़ा थाने में तैनाती को लेकर बातचीत
वायरल हो रहे ऑडियो मैसेज में इनेलो से जुड़े नेता द्वारा एक पुलिस अधिकारी से बातचीत की जा रही है। इसमें धारूहेड़ा थाने में तैनाती करवाने को लेकर बातचीत की जा रही है। बातचीत में कहा जा रहा है कि - धारूहेड़ा करा लूूं..., संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा सहमति जताने पर कहा गया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी द्वारा नारनौल के पुलिस अधिकारी को बुलाकर काम करा दिया जाएगा लेकिन जो सेवा बनती है वह करनी होगी। इसके जवाब में पुलिस अधिकारी द्वारा कहा जाता है कि - ठीक है देखता हूं। यह ऑडियो मैसेज पिछले सप्ताह का बताया गया है। तीन दिन बाद ही धारूहेड़ा थाना प्रभारी को बदलकर नया प्रभारी नियुक्त कर दिया गया है।
विज्ञापन


सतीश खोला ने भेजी सीएम को शिकायत
ऑडियो मैसेज वायरल होने के बाद भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला ने मामले को लेकर मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। उन्होंने अपनी शिकायत में इनेलो नेता और पुलिस अधिकारी का नाम देकर इस मामले की जांच की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि ऑडियो मैसेज में साफ-साफ तौर पर इनेलो नेता द्वारा एक पुलिस अधिकारी से बातचीत की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का नाम लेकर सेवा की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके बाद धारूहेड़ा थाना में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति इस बात का साफ संकेत है कि इस मामले में कहीं न कही पेंच अवश्य है। सरकार को ऑडियो की जांच करानी चाहिए। ऑडियो में जिस वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का नाम आ रहा है वे पहले रेवाड़ी में बतौर एसपी सेवाएं दे चुके हैं।
--------------------
विधायक का वर्जन
मेरे फोन से ऑडियो मैसेज सेंड होने की जानकारी मुझे नहीं है। मुझे न तो वाट्स-अप चलाना आता है, न ही इस तरह के मैसेज भेजने आते हैं। मेरे फोन को कई बार दूसरे लोग भी ले लेते हैं लेकिन मुझे इस मामले का कुछ पता नहीं है। - रणधीर सिंह कापड़ीवास, विधायक
-----------------
सतीश यादव का वर्जन
यह केवल बदनाम करने का प्रयास है। न ही मैने इस तरह की कोई बात की है। ऑडियो में मेरी आवाज नहीं है। ऑडियो मैसेज मैंने भी सुना है उसमें सामान्य बात है कोई डिलिंग अथवा पैसों को लेकर कोई बातचीत नहीं है। मैं सत्ता दल से जुड़ा हुआ भी नहीं हूं इसलिए अधिकारी मेरी क्यों मानेंगे। मुझे महज बदनाम करने का प्रयास है। - सतीश यादव, इनेलो नेता एवं पूर्व जिला प्रमुख
विज्ञापन

---------------------
मामले की जांच हो
यह बेहद गंभीर मामला है जब विपक्ष दल के कार्यकर्ता इस तरह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का नाम लेकर पुलिस महकमे में तबादला कराने की बात कर रहे हैं तो इसकी जांच होनी चाहिए। मैने स्वयं इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर ऑडियो की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। - सतीश खोला, संयोजक भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ
----------------
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें