रेवाड़ी। जिले में ऑनलाइन ठगी करने के मामले बढ़ते ही जा रहे है। आए दिन फोन पर बैंक खाता व एटीएम के पासवर्ड मालूम कर बैंक खातों से नकदी साफ करने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में माडल टाउन थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर बैंक खाते से करीब बीस हजार रुपये की नकदी साफ करने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गुरुग्राम जिले के गांव लौकरा निवासी विकास ने पुुलिस को दी शिकायत में बताया कि शहर के माडल टाउन में स्थित एचडीएफसी बैंक में खाता है, जिसको पेटीएम से कनेक्ट किया हुआ है। 28 अप्रैल को उसके मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया। उसके पेटीएम पासवर्ड मालूम कर उसके खाते से उन्नीस हजार नौ सौ निन्यानवे रुपये की नकदी अपने खाते में ट्रांसफर कर दी। उसने बताया कि जब उसके पास मैसेज आया तो उसे उसके साथ हुई ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद उसने बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद माडल टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।