महिला सफाईकर्मी से मारपीट, अस्पताल में हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के मोहल्ला आनंद नगर में मंगलवार सुबह कूड़ा डालने को लेकर कुछ लोगों ने एक महिला सफाई कर्मी से हाथापाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई। उसे शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर पहुंचे सफाईकर्मियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे महिला सफाई कर्मी कैलाश देवी आनंद नगर मोहल्ले में कार्य कर रही थी। इसी दौरान वहां एक व्यक्ति ने कूड़ा डाल दिया। महिला सफाई कर्मचारी के विरोध करने पर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने महिलाकर्मी से हाथापाई कर दी, जिससे वह घायल हो गई। साथी कर्मचारी उसे उपचार के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। इसके बाद नगर परिषद के सफाई कर्मी ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में हंगामा किया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डीएसपी सतपाल ने बताया कि अभी दो दिन में महिला की मेडिकल रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।