अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
धारूहेड़ा चुंगी स्थित वाल्मीकि बस्ती निवासी विजय एवं उत्तम नगर निवासी पंकज उर्फ बिट्टू की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वाल्मीकि बस्ती निवासी सेवक के रूप में हुई है। इस वारदात में शामिल वाल्मीकि बस्ती निवासी प्रवीण उर्फ मियां को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अदालत ने मियां को छह दिन की पुलिस रिमांड पर दिया है। उल्लेखनीय है कि गत जून महीने में रामगढ़ रोड पर दो युवकों की हत्या कर शव फेंक दिए गए थे।
सदर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि 27 जून की शाम विजय के परिजनों ने आलू गैंग के सदस्य सुनील, प्रवीण उर्फ मियां व उक्त आरोपी सहित अन्य पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर हत्या व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। हालांकि पुलिस अभी तक गैंग के सरगना सुनील को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।