कोसली क्षेत्र में चोरों ने गांव गुडियानी व बेरली में बैंक सहित सात दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी व सामामन चोरी कर लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश श्ुुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव गुडियानी में स्थित सोसायटी बैंक के मैनेजर बीरपाल ने शिकायत में बताया कि सुबह चौकीदार ने बताया कि बैंक का ताला टूटा हुआ है और कागजात बिखरे पड़े हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर देखा तो सभी कागजात सुरक्षित मिले। गनीमत यह रही कि रात के समय बैंक में कैश नहीं था। चोर ताला तोड़कर अन्दर घुसे थे। चार अलमारियों में रखा सामान बिखेर दिया।
इन दुकानों को बनाया निशाना
चोरों उत्तम बीज भंडार से 10 हजार की नकदी, श्रीराम फर्टिलाइजर, राव खाद बीज भंडार से 32 हजार की नकदी चोरी कर ली। वहीं दो परचून व एक कपड़े की दुकानों से भी नकदी व सामान चोरी कर ले गए।
बेरली में भी तोड़ा दुकान का ताला
बेरली में एक खाद व बीज भंडार की दुकान का ताला तोड़ा गया। दुकान में नकदी नहीं मिलने के कारण चोर दुकान को खुली छोड़कर फरार हो गए।
कोसली में एक दिन दो दुकानों के तोड़े थे ताले
मंगलवार की रात में कोसली में भी दो खाद-बीज की दुकानों के ताले तोड़ हजारों की नकदी ले गए थे। खास बात यह है कि चोर इलाके में रात को खास कर खाद बीज की दुकानों को ही निशाना बना रहे हैं।
दुकानदार व व्यापारियों में रोष
लगातार दो दिन से हो रही चोरी के कारण दुकानदारों व व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस रातभर गश्त करने का दावा करती है, जबकि चोरों रोजाना दुकानों को निशाना बना रहे हैं। जबकि पुलिस की ओर से अभी तक चोरों की तलाश नहीं की गई है।
चोरों की तलाश की जा रही है : थाना प्रभारी
कोसली थाना प्रभारी जगबीर का कहना है कि चोर रात में कोहरे का फायदा उठाते हुए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मौका मुआयना कर चोरों की तलाश आरंभ कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।