धारूहेड़ा के सेक्टर-6 थाना पुलिस ने नई दिल्ली निवासी एक महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानीपत के इसराना निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। सेक्टर-6 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि नई दिल्ली निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में अमित पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा था कि उसकी मुलाकात अमित से फेसबुक के जरिए हुई थी। जुलाई 2019 में उसने उसे शादी का झांसा दिया और वह उससे बातें करने लग गई। अगस्त 2019 में आरोपी ने उसे फोन करके गुरुग्राम बुला लिया और फिर वह धारूहेड़ा के सेक्टर-6 स्थित एक घर में ले गया। इस घर में अमित किराए पर रहता था। वहां उसे नाश्ते में नशीला पदार्थ खिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया था कि अमित ने उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई ली और उसे ब्लैकमेल करने लगा। बाद में उसने शादी करने से भी मना कर दिया। साथ ही किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर सोमवार देर शाम आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया।