पुलिस जिप्सी को टक्कर मारने तथा पुलिस टीम पर गोली चलाते हुए जानलेवा हमला करने की वारदात में शामिल मेव गिरोह के एक सदस्य को कसौला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नूंह जिला के गांव झिमरावत निवासी अजरूदीन के रूप में हुई है।
जानकारी देते हुए कसौला थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दो जनवरी की रात को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मेव गिरोह ने गांव बिहारीपुर में स्थित शराब का ठेके को लूट लिया तथा बदमाशों के पास एक सेंटरो कार और एक बोलेरो कैंपर गाड़ी है। बदमाशों ने बोलेरो कैंपर गाड़ी से खोल थाना पुलिस की गाड़ी को भी टक्कर मारी और हाईवे की तरफ भाग गए। सूचना मिलते ही कसौला थाना पुलिस ने एनएच-71 टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी शुरू कर दी। कंट्रोल रूम द्वारा दी गई सूचना अनुसार पुलिस की टीमें बदमाशों का पीछे लगी हुई थी। जिसको नाकाबंदी करने वाली पुलिस टीम ने टोर्च से रुकने का इशारा किया लेकिन कार चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय पुलिसकर्मियों को मारने की नीयत से पुलिस गाड़ी पर साइड से सीधी टक्कर मारी व सीधी गोली चला दी ओर अंधेरे का फायदा उठाते हुए कार को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा पूछताछ पर आरोपी ने पाल्हावास बस स्टैंड पर स्थित इंवर्टर बैटरी की दुकान का शटर उखाड़ने और जाग होने पर एक व्यक्ति पर पत्थरों से हमला करने की वारदात का खुलासा किया था।