रेवाड़ी। धारूहेड़ा से बावल तक राजस्थान से सटी जिले की सीमा अपराधियों के लिए मददगार साबित हो रही है। राजस्थान के अपराधी जिले के सीमा क्षेत्रों में लूट, चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देकर राजस्थान भाग जाते हैं।
दिसंबर में हुई कार लूट, मंदिर में चोरी और दो सरपंचों के बीच चौधर को लेकर हुए विवाद में राजस्थान के अपराधियों के नाम सामने आए हैं। राजस्थान के अजमेर निवासी पीएचडी स्कॉलर देवांशु ने यूपी के आजमगढ़ निवासी शुभम के साथ दिल्ली रेलवे स्टेशन से जयपुर के लिए 16 दिसंबर को 2025 को टैक्सी किराये पर बुक की थी।
बनीपुर चौक पर चालक संजय को गोली मारकर टैक्सी लूट ली गई। इस मामले का मास्टरमाइंड अजमेर निवासी देवांशु था। पुलिस ने आरोपी देवांशु के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और उपकरण बरामद किए हैं। इनमें पांच देसी पिस्टल, 250 कारतूस, 8 मैगजीन, 22 मैगजीन स्प्रिंग, 6 वॉकी-टॉकी और एक दूरबीन शामिल है।
रायपुर के बनदेव मंदिर में 6-7 जनवरी को चोरी हुई थी। पुलिस ने चोरी के आरोप में राजस्थान के तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें सीमा से जुड़े राजस्थान के गांव खेड़ाती निवासी मोहित, बासली निवासी सचिन और महावीर खेड़ा निवासी महावीर शामिल था।
-
सरंपचों की लड़ाई में भी बाहरी हमलावर शामिल
हाल ही में गांव माजरा और भाखली गांव के सरपंचों के बीच 19 से 26 जनवरी के बीच दो बार भिड़ंत हुई थी। 19 जनवरी को माजरा के सरपंच रविंद्र हाथी और 26 जनवरी को भालखी के सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र उर्फ डालिया पर हमला हुआ था। सुरेंद्र डालिया पर हुए हमले के आरोप में राजस्थान के कोटपुतली बहरोड़ के गांव काठुवास निवासी साहिल व गांव परतापुर निवासी पंकज को गिरफ्तार किया गया है। हमले में प्रयोग हथियार हमलावरों में शामिल परतापुर के रवि के खेत से बरामद हुए थे।
-
गुगेल चोर गिरोह के तार राजस्थान से जुड़े
चोरी के तीन दर्जन मामलों में नामजद गुगेल चोर गिरोह के तार भी राजस्थान से जुड़े हैं। महेेंद्रगढ़ के गांव पड़तल निवासी काली की शादी राजस्थान में हुई थी जो अपने पिता की मौत के बाद मायके आकर बस गई। काली ने अपने बच्चों के साथ चोर गिरोह बनाया। काली व उसका बेटा विजय 10-10 हजार और बेटी पांच हजार की इनामी थी। सभी अब पकड़े गए हैं।
-
सराफा की दुकान में चोरी में खैरथल तिजारा का आरोपी गिरफ्तार
थाना बावल पुलिस ने जुलाई 2025 में गांव धारण में एक सुनार की दुकान से लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने के मामले में 3 दिन पहले ही राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा के गांव नूरनगर हाल आबाद जिला कोटपुतली बहरोड़ के गांव जलालपुर निवासी सुमन को गिरफ्तार किया था। दुकान के काउंटर से 68 ग्राम सोने के जेवर गायब मिले थे। मामले में संलिप्त एक आरोपी राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव कैथवाड़ा निवासी दरियाब सिंह को पहले गिरफ्तार किया गया था।