धारूहेड़ा में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके परिजनों ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय धर्मवीर शनिवार को देर शाम घर पहुंचा तो पेट में दर्द की शिकायत बताई। कुछ देर बात तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर हालत गंभीर देखते हुए उसे रेवाड़ी के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार को सुबह के समय शव का पोस्टमार्टम किया गया। मृतक के भाई का आरोप है कि रिश्तेदारी में ही किसी ने धर्मवीर को जहर दिया है। इधर, धारूहेड़ा पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।