पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह के मंझले बेटे व केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के भाई राव अजीत सिंह ने अपने ही बेटे राव अर्जुन सिंह पर अभद्रता करने व धमकी देने का आरोप लगाते हुए रामपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्जुन सिंह ने 2019 में कांग्रेस की टिकट पर अटेली विधानसभा से चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गए थे।
पुलिस को दी शिकायत में राव अजीत सिंह ने कहा है कि वह वर्तमान में रामपुर हाउस में आए हुए हैं। बेटे अर्जुन सिंह ने शनिवार को उनके साथ अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। रामपुरा एसएचओ नीरज ने बताया कि राव अजीत सिंह की शिकायत शनिवार को मिली थी। शिकायत के बाद 294 व 506 धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामला क्या था इसका पता जांच में चल पाएगा।