अपनी भतीजी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे एक व्यक्ति की बाइक को धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड पर ऑटो ने जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में कोटकासिम के गांव कतोपुर निवासी भीम सिंह ने बताया कि वह अपने छोटे भाई बलराम के साथ अपनी भतीजी की शादी के कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदारी में गए थे। घर वापस लौटते समय दोनों अलग-अलग बाइक पर जा रहे थे। नंदरामपुर बास रोड पर मंदिर के समीप भाई बलराम की बाइक को सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ऑटो चालक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जबकि बलराम को भीम सिंह ने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया तथा फरार ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।