रेवाड़ी। वेतन संशोधित करने समेत अन्य मांगों को लेकर परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) परियोजना में कार्यरत क्रीड कर्मचारी सोमवार को हड़ताल पर रहे। इसके चलते परिवार पहचान पत्र से संबंधित विभिन्न सेवाएं प्रभावित रहीं। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नागरिक संसाधन सूचना विभाग के तहत संचालित परिवार पहचान पत्र परियोजना में जिले और ब्लॉक स्तर पर बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें जिला प्रबंधक, ब्लॉक प्रबंधक, प्रोग्रामर, अकाउंटेंट और फील्ड स्टाफ शामिल हैं।
ये कर्मचारी परिवार पहचान पत्र से जुड़े सत्यापन कार्य, आय एवं लाभ सत्यापन, नागरिक शिकायतों के निस्तारण, डेटा प्रबंधन, सर्वेक्षण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मांगों को लेकर क्रीड कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण परिवार पहचान पत्र से संबंधित सबी कार्य प्रभावित रहे। इनमें परिवार पहचान पत्र से जुड़े सत्यापन, आय एवं लाभ सत्यापन, नागरिक शिकायतों का निस्तारण, डेटा प्रबंधन एवं रिकॉर्ड अपडेट, विभिन्न योजनाओं से संबंधित पीपीपी सेवाएं और सर्वेक्षण कार्य प्रभावित रहे।
-
क्रीड कर्मचारियों की ये हैं मांगें
क्रीड कर्मचारियों की मांगों में हरियाणा आईटी नीति के अनुरूप वेतन संशोधन, नियमितीकरण, पिछले तीन वर्षों की लंबित वार्षिक वेतनवृद्धि का एरियर सहित भुगतान, त्रैमासिक प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना लागू करना, यात्रा एवं संचार भत्ता देना, पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना तथा हरियाणा जॉब सिक्योरिटी एक्ट-2024 के तहत लाभ देना शामिल है। इसके अलावा वित्त विभाग के निर्देशानुसार वेतन संशोधन लागू करने, ब्लॉक स्तर पर सहायक स्टाफ की नियुक्ति और समय पर सेवा विस्तार आदेश जारी करने की मांग है।