कोसली-टूमना मार्ग पर सोमवार रात दो बदमाशों ने पूर्व पार्षद यादवेंद्र सिंह से लिफ्ट लेकर हथियार के बल पर बंधक बनाते हुए कार लूट ली और फरार हो गए। कार में करीब तीन हजार रुपये और उसका मोबाइल भी था। कोसली पुलिस ने लूट का मामला दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि गांव टूमना निवासी एवं पूर्व पार्षद यादवेंद्र सिंह सोमवार रात करीब 10 बजे कोसली से गांव जा रहे थे। टूमना फाटक के निकट दो बदमाशों ने उनसे टूमना जाने के लिए लिफ्ट मांगी। यादवेंद्र सिंह ने रात होने की वजह से उन्हें लिफ्ट दी। बदमाशों ने कुछ दूरी पर चलने के बाद उसकी कनपटी पर रिवाल्वर लगा दी और उसे काबू करके बंधक बनाकर कार को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान बदमाशों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ भी सुंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गए।
इसके बाद बदमाश उन्हें झज्जर ले गए, जहां उन्हें एक कार की डिग्गी में डाल दिया। डिग्गी में डालते समय उनकी बेहोशी टूटी तो एक बदमाश ने गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश उन्हें रात करीब 2 बजे झज्जर के बिछाला गांव के समीप जोहड़ किनारे बंधक अवस्था में फेंक गए। बंधन मुक्त होने के बाद यादवेंद्र नजदीक स्थित एक मकान में पहुंचे तथा पुलिस को मामले की सूचना दी।