रेवाड़ी। मिशन बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा में उत्तीर्ण 200 विद्यार्थियों की काउंसिलिंग शुक्रवार को भाड़ावास गेट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुई। सुबह 10 से 12 बजे तक चली काउंसिलिंग में विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई।
विद्यार्थियों के आधार कार्ड, माता-पिता के आधार कार्ड, आठवीं कक्षा की पासिंग मार्कशीट, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी), परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) और जाति प्रमाणपत्र की जांच की गई। काउंसलिंग के बाद विद्यार्थियों को अब बुनियाद केंद्र आवंटित किए जाएंगे, जहां से उन्हें आगे की तैयारी करवाई जाएगी।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार इस योजना के तहत 9वीं कक्षा से ही विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। विकल्प संस्थान के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेसिक कोचिंग दी जाएगी, जिससे वे प्रारंभिक स्तर से ही मजबूत तैयारी कर सकें।
इस दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी को टैबलेट भी प्रदान किया जाएगा जबकि ऑफलाइन कक्षाओं के लिए केंद्रों पर टीवी सेट की व्यवस्था की गई है।
विद्यार्थियों को ड्रेस, किताबें और यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। शिक्षा विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
काउंसलिंग प्रक्रिया में प्राचार्य विनोद यादव, बुनियाद कोऑर्डिनेटर विकास, जितेंद्र दखोरा, सुभाष, राजेश यादव, अशोक बेरवाल और मनोज वशिष्ठ ने सक्रिय भूमिका निभाई।
वर्जन:
बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा में उत्तीर्ण 200 विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के बाद इन विद्यार्थियों को बुनियाद केंद्र आवंटित किए जाएंगे।-रेनू यादव, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, शिक्षा विभाग, रेवाड़ी।