पुरानी तहसील के सामने सोमवार रात पार्षद और पार्षद पति के बीच हाथापाई हो गई। वार्ड-16 के पार्षद ने जहां वार्ड-8 की पार्षद पति पर उसकी दुकान में आकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं पार्षद पति ने पार्षद और उसके साथियों पर पिटाई और पूर्व नगर परिषद चेयरपर्सन पर धमकाने का आरोप लगाया था। शहर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत ले ली है। पार्षद और उनका पक्ष मंगलवार को डीएसपी से भी मिला।
पुरानी तहसील के सामने वार्ड-16 के पार्षद संजय मलिक का मेडिकल स्टोर है। मलिक के अनुसार सोमवार रात 8:00 बजे वार्ड-8 की पार्षद पूनम सतीजा का पति शैलेंद्र सतीजा स्टोर पर आए और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर सात-आठ साथियों को बुलाया और उसे और उसके भाई कमल को पीटा और धमकाया।
वहीं शैलेंद्र सतीजा का कहना है कि सोमवार रात वह अपने किसी परिचित की शादी में जा रहे थे। इसी दौरान पुरानी तहसील के पास पार्षद संजय मलिक ने साथियों के साथ उसे रोका और पीट दिया। उनका बेटा भी साथ में था। आरोप है कि मिलकर चलने की धमकी देते हुए सोमवार को नगर परिषद की चेयरपर्सन शकुंतला भांडोरिया के फोन से उन्हें और उनकी पत्नी (वार्ड-8 पार्षद पूनम सतीजा) को धमकाया।