रेवाड़ी। जिले में अभी तक कोई भी कोरोना (कोविड-19) पॉजिटिव केस नहीं है जो जिला के लिए बड़ी राहत की बात है। लॉकडाउन के दौरान सामाजिक दूरी ही कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से बचाव का एकमात्र तरीका है, इसे बनाए रखें। इसके अतिरिक्त आवश्यक कार्यों के लिए घर से बाहर निकलने और गाड़ी में भी सफर करते हुए मास्क पहनना जरूरी है।
उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने कहा कि कोरोना की रोकथाम व फैलाव को रोकने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा सभी संभव कदम उठाए जा रहे हैं। जिला में आवश्यक खाद्य सामग्री, दूध, सब्जी, दवाई व अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। किसी भी नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है। लॉकडाउन के दौरान अपने घर में सुरक्षित रहें। आवश्यक वस्तुओं के लिए दुकान व बैंकिंग प्रतिष्ठानों को सोशल डिस्टेंसिंग की अपने ग्राहकों से अनुपालना करवानी होगी। लॉकडाउन के दौरान कोरोना की रोकथाम व संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए यह जरूरी है, ताकि हम रेवाड़ी को कोरोना मुक्त रख सकें।
222 में से 168 की रिपोर्ट निगेटिव, 54 को रिपोर्ट का इंतजार
जिला में अभी तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा 222 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 168 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। बाकी 54 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। जिलाभर में 1573 होम क्वारंटीन हैं, इनमें 1439 देश के अन्य हिस्सों व 34 ऐसे नागरिक हैं जो विदेश यात्रा करके आए हैं। सभी मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।
इन नंबरों पर लें मदद
कोविड-19 की रोकथाम व उपचार के लिए हेल्प लाइन नंबर 01274- 250764 मोबाइल नंबर 9466777510 और स्टेट हेल्पलाइन नंबर 1075 व 8558883911 पर मदद लें सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिलावासी लॉकडाउन के दौरान मदद के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर डायल करें। बाजार में कालाबाजारी व जमाखोरी के लिए 01274-255214 पर संपर्क करें।