कुंड कस्बे से महज तीन किलोमीटर दूर राजस्थान के महतावास गांव में एक युवक के कोरोना पॉजिटिव मिलने से रेवाड़ी जिला प्रशासन और सतर्क हो गया है। पुलिस ने महतावास गांव को जाने वाले सभी रास्तों को पूरी तरह से सील करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया है। इस रास्ते से हर आने-जाने वालों पर पाबंदी लगा दी है। हालांकि राजस्थान पुलिस ने महतावास व आसपास के गांवों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से राजस्थान सीमा से सटे गांवों के लोगों में डर है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। किसी भी संदिग्ध की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लेकर अन्य विभागों के अधिकारी भी सतर्क हो जाते हैं। यही कारण है कि जिले में अभी तक कोरोना का एक भी पॉजिटिव मामला नहीं आया है। पिछले दिनों ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी गांवों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर आंकड़ा भी इकट्ठा किया जा रहा है, ताकि प्रशासन की नजरों से कोई भी संदिग्ध बच न सके।
इसके साथ ही लॉकडाउन का पूर्ण पालन कराने के लिए पुलिस की ओर से भी नाकाबंदी कर बेवजह बाहर घूमने वालों पर पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस द्वारा की गई सख्ती के कर्फ्यू जैसे हालात बन गए हैं। लेकिन जिले के कुंड गांव से महज तीन किलोमीटर दूर बसे राजस्थान के अलवर जिले के गांव महतावास में युवक के कोरोना पॉजिटिव आने से जिले के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
महतावास गांव के लोगों का मुख्य बाजार है कुंड
अलवर जिले के गांव महतावास के ग्रामीणों का मुख्य बाजार कुंड मंडी है। वहां के ग्रामीणों का दिनभर यहां आवागमन बना रहता है। इसके साथ ही माजरा, चिताडूंगरा व मनेठी आदि गांवों के लोगों के साथ भी महतावास के ग्रामीणों का आना-जाना बना रहता है। दुकान का सामान हो या फिर घरेलू सामान सभी लिए कुंड मंडी की मार्केट में आना पड़ता है। कोरोना पॉजिटिव पाय जाने के बाद से प्रशासन के साथ ही ग्रामीणों ने भी गांवों से बाहर जाने व आने वालों का पूरा रिकॉर्ड रखा जा रहा है।
महज पांच सौ मीटर की दूरी में दो नाके
महतावास गांव में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद हरियाणा व राजस्थान पुलिस ने कुंड व माजरा की ओर जाने वाले रास्तों पर महज पांच मीटर की दूरी पर पुलिस नाके लगा दिए हैं। कुंड से महतावास जाने वाले रोड पर अंडरपास के समीप हरियाणा पुलिस की ओर नाका लगाया गया है। वहीं राजस्थान पुलिस की ओर से करीब पांच मीटर की दूरी पर नाका लगाया गया है।
कोरोना पॉजिटिव युवक की ट्रैवल हिस्ट्री
युवक हरियाणा के सोहना की एक दवा कंपनी में कार्य करता था। 28 मार्च को वह उत्तरप्रदेश के कन्नौज भी गया था। ग्रामीणों के अनुसार सात अप्रैल को वह सोहना से बाइक द्वारा अपने गांव में आया। घर आने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उसके बाद उसे मांढण अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अलवर रेफर कर दिया गया। जहां जांच के बाद शनिवार को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टी हुई।