रेवाड़ी। विश्व स्तर पर औद्योगिक नगरी के रूप में पहचान रखने वाला धारूहेड़ा कस्बा कोरोना का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। वीरवार को जिले में कोरोना के 42 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें कारोबारी से लेकर कंपनी कर्मी भी शामिल हैं। इसमें अकेले धारूहेड़ा से ही 20 पॉजिटिव शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ कोरोना से सावधानी की बात करें तो लोग अब भी बड़ी चूक कर रहे हैं। शहर में सोशल डिस्टेंसिंग की सही से पालना नहीं हो रहा। बहुत से लोग अब भी बगैर मास्क पहने ही घूमते मिल रहे हैं।
नए पॉजिटिव केस के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 353 हो चुकी है। इनमें अधिकांश लोग होम आइसोलेट हैं। इसके साथ ही वीरवार को 18 कोरोना पॉजिटिव ठीक भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 5575 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 353 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 115 नागरिक कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक पांच मरीजों की मौत हुई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के 233 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 5022 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है तथा शेष 200 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। जिले में 859 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं, जो देश व विदेश के अन्य हिस्सों से यात्रा करके आए हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव के कुल 233 एक्टिव केस हैं, इनमें नौ विभिन्न अस्पतालों में व 31 जिला कोविड केयर सेंटर में एडमिट हैं, जबकि 193 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
यहां मिले नए पॉजिटिव केस
मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार वीरवार को जिले से संबंधित 42 कोविड पॉजिटिव केस आए हैं, जिनमें से निरंजन कालोनी धारूहेड़ा से आठ, भगवान सिंह कालोनी धारूहेड़ा व अजय नगर के पांच-पांच, कुंभावास के चार, महेश्वरी के तीन, आनंद नगर, नंदरामपुर बास धारूहेड़ा, भीमराव अंबेडकर कॉलोनी, आकेड़ा के दो-दो तथा चौधरीवाड़ा, संगवाड़ी, खासापुरा, बुडानी, सेक्टर तीन रेवाड़ी, मांढैया कलां, शहादत्तनगर नगर कोसली, औलांत, बावल से एक-एक केस हैं। कोरोना संक्रमण के मिले नये क्षेत्रों में कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीरवार को कांट्रेक्ट ट्रेसिंग व आईएलआई के आधार पर 83 सैंपल लिए गए हैं।
यहां के लोग ठीक हुए
वीरवार को जिले में 18 कॉविड पॉजिटिव ठीक हुए हैं, जिनमें से चार दुर्गा कालोनी, दो सेक्टर-2 बावल, एक-एक मरीज सेक्टर-1, खंडोड़ा, गोकलगढ़, तर्कीयावास, कुतुबपुर, बास रोड़ धारूहेड़ा, रामगढ़, शांति नगर सेक्टर-19, आदर्श नगर, फतेहपुरी, महाराजा अस्पताल, भगवान सिंह कालोनी से संबंधित हैं।