रेवाड़ी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दोपहर का बुलेटिन जिले के लोगों के लिए राहत लेकर आया। बुलेेटिन के अनुसार 106 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर पहुंचे। लेकिन शाम होते-होते कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा भी 40 तक पहुंच गया। अब जिले में जहां कुल संक्रमितों का आंकड़ा 573 पर पहुंच चुका है, वहीं ठीक होने वालों आंकड़ा भी तीहरे शतक की ओर से 295 पर आ चुका है। ऐसे में जहां एक ओर कोरोना संक्रमितों के मामले में जिला प्रदेश के अनेक जिलों को पछाड़ता जा रहा है, वहीं ठीक होने की दर राहत भरी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीरवार तक 6474 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 566 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं 295 नागरिक कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक छह मरीजों की मौत हुई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के 278 एक्टिव केस रह गए हैं और 5465 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। शेष 443 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। जिले में 780 नागरिक क्वारंटीन किए गए हैं। बता दें कि धारुहेड़ा में मिल रहे संक्रमित मामले कंपनी कर्मियों से जुड़े हुए हैं, वहीं शहर में पहले से संक्रमित लोगों की चपेट में आने से संक्रमण बढ़ रहा है।
यहां पर मिले कोरोना संक्रमित
शहर में मिले कोरोना पॉजिटिव में दो हाउसिग बोर्ड, मोहल्ला बल्लूवाड़ा, लुखी, जसवंत नगर, नई आबादी, नई बस्ती, चौधरीवाड़ा, नंगली गोधा, बिठवाना, शिव कॉलोनी, शाहपुर, विजय नगर में दो, स्वामीवाड़ा, जलालपुर में 3, गुडियानी, भाकली, 14 पॉजिटिव केस धारूहेड़ा व 2 डूंगरवास में मिले हैं। देर शाम आए केस की ट्रेसिंग की जा रही है।
10 मरीज अस्पताल में भर्ती
कुल एक्टिव केस में दस विभिन्न अस्पतालों में व 36 जिला कोविड केयर सेंटर में एडमिट हैं, जबकि 193 कोरोना मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं। जिलाधीश यशेंद्र सिंह ने जिलावासियों का आह्वान किया कि वे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी की जाने वाली हिदायतों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दो गज की दूरी बनाए रखें, मुंह को मास्क से ढंककर रखें तथा अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। जिला कोविड-19 अधिकारी डॉ. विजय प्रकाश ने बताया कि वीरवार को जिला में 40 कोरोना संक्रमित केस मिले हैं। संक्रमण रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।