बावल में जलभराव की समस्या का निरीक्षण करते सहकारिता मंत्री डा. बनवारी लाल व अधिकारी। संवाद
- फोटो : Rewari
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने बुधवार को बावल के गांव खंडोड़ा, मोहनपुर, टांकड़ी व धोबी घाट में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद घरों व खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को खराब हुई फसल के लिए विशेष गिरदावरी कराने के आदेश दिए।
गांवों का निरीक्षण करते हुए सहकारिता मंत्री ने कहा कि तेज बारिश के कारण अचानक जो पानी आया है, उस की निकासी की उचित व्यवस्था की जाए । योजना के अनुरूप पानी के रिचार्ज के लिए जगह तय कर रिचार्ज चैनल तैयार करवाएं। जिससे भविष्य में बारिश के पानी से ग्रामीणों को कोई परेशानी न आए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पाइप के जरिए पानी को रिचार्ज चैनल तक लाने का प्रपोजल बनाएं। रिचार्ज सिस्टम के बनने से बरसात का पानी का सही उपयोग होगा और जमीन का जलस्तर भी ऊंचा उठेगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि यदि छत के पानी का भी रिचार्ज सिस्टम बना लें तो इससे भू जलस्तर में बढ़ोतरी होगी और पानी की बचत भी। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि खेतों व घरों में हुए नुकसान का सर्वे कराकर रिपोर्ट के अनुसार सरकार से जो भी मदद मिलेगी दिलवाने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।