रेवाड़ी में तैनात सहकारी समिति के सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) ने 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पाली स्थित देबू कोऑपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसायटी लिमिटेड की प्रोसीडिंग बुक का सत्यापन करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की रेवाड़ी यूनिट ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
सत्यापन के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि सहकारी समिति में तैनात सब-इंस्पेक्टर विक्रांत उसकी सोसायटी की प्रोसीडिंग बुक का सत्यापन करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। आरोपी ने इसके लिए 2500 रुपये पहले देने और शेष राशि काम पूरा होने के बाद देने की बात कही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी।
शिकायत की पुष्टि के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की रेवाड़ी यूनिट ने मामले की जांच करते हुए आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। निर्धारित योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही सब-इंस्पेक्टर विक्रांत ने शिकायतकर्ता से 2500 रुपये की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी से पूछताछ कर रही टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। ब्यूरो की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी ने प्रोसीडिंग बुक के सत्यापन के लिए कितनी राशि मांगी थी और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की इस कार्रवाई से सरकारी कामकाज के बदले रिश्वत मांगने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।