फोटो 29- सोनीपत के गन्नौर के गांव खेड़ी गुज्जर में खस्ताहाल सड़क को लेकर रोष जताते ग्रामीण। संव
गन्नौर। खेड़ी गुज्जर से होते हुए भौरा रसूलपुर की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण करीब दो वर्ष से अधर में लटका है। खस्ताहाल सड़क के कारण ग्रामीणों सहित वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क का निर्माण शुरू करवाने की मांग की है।
ग्रामीण प्रीतम, किरणपाल, कर्ण सिंह लीला, चंदन सिंह, दूदाराम, जनेश्वर व बलबीर ने कहा कि ग्रामीण काफी समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया था। इसके बाद सड़क पर सिर्फ रोड़ा डलवाकर छोड़ दिया गया है, लेकिन बाद में निर्माण कार्य को बीच में ही छोड़ दिया गया। खस्ताहाल सड़क के कारण दोनों गांवों के लोगों सहित वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पत्थर होने से वाहनों के पहिये पंक्चर हो रहे हैं। साथ ही दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क का निर्माण जल्द शुरू करवाने की मांग की है। अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
खेड़ी गुज्जर से भौरा रसूलपुर रोड का निर्माण ग्रैप-4 के नियमों की पालना के चलते रूका हुआ है। जैसे ही ग्रैप-4 के नियम हटेंगे तो उक्त सड़क पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
नवनीत कुमार, जेई, लोक निर्माण विभाग